You are currently viewing आगरा में नशे की दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले , दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आगरा में नशे की दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले , दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मान्यवर:-आगरा में नशे की दवाओं की कालाबाजारी करने वाले जयपुरिया गैंग के खिलाफ संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने दो और आरोपियों किशन कुमार अग्रवाल और संजीव गुप्ता को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्हें कोर्ट ने जेल भेज दिया। किशन कुमार भाजपा की महिला मोर्चा की पदाधिकारी के पति हैं। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

दिसंबर 2020 को कमला नगर के बल्केश्वर में नशे की दवाओं का जखीरा पकड़ा गया था। इस मामले में पंकज गुप्ता सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मुकदमे में लोहिया नगर निवासी किशन कुमार अग्रवाल और न्यू आदर्श नगर निवासी संजीव कुमार गुप्ता भी नामजद थे। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। जमानत पर दोनों बाहर आ गए। किशन कुमार अग्रवाल के ठिकाने से नशे की दवाएं पकड़ी गई थीं।

थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कमला नगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना वो कर रहे थे। बुधवार को किशन कुमार और संजीव गुप्ता को पकड़ लिया गया। उनको कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए।

किशन कुमार की पत्नी भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी हैं। वह बुधवार को एसएसपी से मिली थीं। उन्होंने कहा कि पूर्व में पति को जेल काटनी पड़ी थी। अब पुलिस ने फिर से पकड़ा है। उन्होंने गलत फंसाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में आरोपी दवा माफियाओं के खिलाफ संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की थी। इसमें किशन कुमार का भी नाम था। उन्हें दवा माफिया चिह्नित किया गया है।

नशे की दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले पंकज गुप्ता सहित छह दवा माफियाओं की 6.16 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इन छह दवा माफियाओं में चंद्रकांत उर्फ पंकज गुप्ता के अलावा जयपुरिया गैंग के अनिल द्वारिका उर्फ अनिल सिंधी उर्फ अनिल करीरा, सूर्यकांत गुप्ता, किशन कुमार अग्रवाल, अमित मित्तल और संजीव कुमार गुप्ता शामिल हैं।