मान्यवर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द पंजाब में चुनावी रैली करेंगे। बुधवार को उनकी दूसरी वर्चुअल रैली को रद्द कर दिया गया है। पीएम मोदी ने मंगलवार को पहली वर्चुअल रैली की थी।
पंजाब में बुधवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूसरी वर्चुअल रैली रद्द हो गई है। हालांकि कारण नहीं बताया गया है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी अब पंजाब आकर रैली करेंगे। बहरहाल, समय और स्थान अभी तय नहीं है। मंगलवार को पीएम मोदी ने पंजाब में अपनी पहली वर्चुअल रैली की थी। इसमें उन्होंने लुधियाना व फतेहगढ़ साहिब के लोगों को संबोधित किया था।
वर्चुअल रैली में पीएम ने कहा कि पंजाब के लिए आज असली बदलाव का वक्त है। भाजपा अपने साथियों के साथ पंजाब के विकास के लिए पुख्ता रोडमैप लेकर आई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित में काम करती है। कुछ लोग सिख धर्म का विरोध करते हैं। कांग्रेस ने सिख कत्लेआम करवाया और भाजपा ने सजा दिलवाई।
भाजपा ने करतारपुर कॉरिडोर खुलवाया है। सिख परंपरा और पंजाबियत के लिए काम करना हमारे लिए गर्व की बात है और देश को सबसे आगे रखना पंजाब की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जो चुनाव हो रहे हैं, वह सिर्फ मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब विकास के रास्ते पर चल सके, इसलिए चुनाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियत की बात करने वालों के लिए एनडीए ने 11 संकल्प लिए हैं। जिसे चुनाव के बाद भाजपा की सरकार आने पर हर हाल में पूरा किया जाएगा।
11 फरवरी को आएंगे अमित शाह
पंजाब के चुनाव में प्रचार के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 11 फरवरी को पंजाब आएंगे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल के भी पंजाब चुनाव में तूफानी दौरे होंगे। पार्टी प्रत्याशियों के लिए भाजपा सांसद हेमा मालिनी, फिल्म अभिनेता सनी देओल भी पंजाब आकर वोट मांगेंगे।
दो दलों के साथ भाजपा का गठबंधन
पंजाब में इस बार भारतीय जनता पार्टी कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और अकाली दल संयुक्त के साथ समझौता कर चुनाव लड़ रही है। प्रदेश की 117 सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होगा। 10 मार्च को परिणाम आएंगे।