जालंधर (ब्यूरो) : घरेलू गैस सिलेंडर के काम लगातार बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ रहा है। चार माह में ही सिलेंडरों के दाम में 150 रुपए के करीब बढ़ोतरी हुई है। घरेलू गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से बाकी चीजों पर भी असर पड़ सकता है। वहीं, साल 2018 में उपभोक्ता के खाते में करीब 400 रुपए सब्सिडी आती थी, जोकि अब 24.77 रुपए ही आ रही है।
जनवरी 2021 में 724 रुपए में मिलने वाला सिलेंडर आज 1082.50 पैसे में मिल रहा है। अप्रैल में 50 रुपए, मई में 49 रुपए तो जुलाई में 50 रुपए के करीब बढ़ोत्तरी की गई। 8 लाख उपभोक्ताओं को इस समय बड़े हुए दाम पर सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं। मई में दो बार गैस के दामों में बढ़ौत्तरी हुई थी, जिसका असर आम जनता पर पड़ता जा रहा है।
महिला कांग्रेस ने सिलेंडर उठा रोष जताया , एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ौतरी के खिलाफ महिला कांग्रेस ने वर्कशॉप चौक में वीरवार को धरना लगा दिया। महिलाओं ने कहा कि इतनी आमदनी नहीं बढ़ रही, जितना घर का खर्च बढ़ रहा है। अब नए रेट के तहत करीब 1090 रुपए में सिलेंडर खरीदना पड़ेगा। धरने की अगुवाई महिला कांग्रेस की पंजाब प्रवक्ता और जालंधर नगर निगम की पार्षद डाॅ. जसलीन सेठी ने की।
तीन एजेंसियां दे रही सेवाएं, जिले में तीन ऑयल एजेंसियां सिलेंडर सप्लाई कर रही हैं। इंडियन ऑयल कंपनी करीब 5 लाख, हिंदुस्तान पेट्रोलियम करीब 2 लाख, भारत पेट्रोलियम एक लाख से अधिक गैस सिलेंडर सप्लाई करती हैं।