जालंधर (ब्यूरो) : पंजाब के शहर लुधियाना में चैकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को 1 पिस्तौल, 2 मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार करके मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी देते हुए ADCP-4 तुषार गुप्ता ने बताया कि थाना डिविजन नंबर 7 की पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चैकिंग के लिए संजय गांधी कालोनी, ताजपुर रोड़ पर नाकाबंदी की हुई थी। नाकाबंदी के दौरान केन्द्रीय जेल की तरफ से आ रहे एक पगड़ीधारी व्यक्ति को चैकिंग के लिए रोका गया।
उक्त व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और पीछे मुड़ने लगा। यह देखकर पुलिस कर्मचारियों ने उसे घेर लिया। चैकिंग की तो उससे 1 देसी पिस्तौल, 2 मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान बलवंत सिंह उर्फ बब्बू निवासी गांव ढिल्लवां थाना तपा जिला बरनाला के रूप में हुई।
आरोपी को आज अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पता चल सके कि उसने अवैध हथियार किससे लिया है और क्या वारदात करने के इरादे से लुधियाना आया था।