जालंधर (ब्यूरो): कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद आज फिर से श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में श्रद्धा का सैलाब बहेगा। देश-विदेश से आए श्रद्धालु आज बाबा के दरबार में नतमस्तक होंगे। पिछले कल झंडा चढ़ाने और हवन यज्ञ के साथ मेले की शुरुआत हो गई है, लेकिन श्रद्धालुओं का तांता उससे पहले ही लगना शुरू हो गया था। रात 12 बजे के बाद आनंद चौदस शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं की लाइनें लगने लगी हैं। आज मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। लोग अपनी मन्नतें पूरी होने, घरों में खुशियां आने और वंश वृद्धि की कामना पूरी होने पर मंदिर में ढोल बाजों के साथ झूमते हुए माथ टेकने के लिए आते हैं। बच्चों की मुराद पूरी होने पर छोटे-छोटे बच्चों को अपने साथ लाकर नतमस्तक करते हैं और दूध चढ़ाते हैं।
मेले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा बैठाया गया है। वर्दी और सिविल ड्रेस में पुलिस फोर्स लगाई गई है। अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए 45 सीसीटीवी कैमरे लगा गए हैं। इनका कंट्रोल रूम भी मेले में ही बनाया गया है। हर समय पुलिस सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी पूरी नजर रखे हुए है। माथा टेकने के लिए मंदिर में आ रहे श्रद्धालुओं को भी मंदिर परिसर में सीधी एंट्री नहीं दी जा रही है। बल्कि मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस ने मैटल डिटेक्टर बैरियर लगा रखा है। उसमें से श्रद्धालुओं को गुजारने के बाद एक बार फिर से खुद मैटल डिटेक्टर से श्रद्धालुओं को चैक करने के बाद ही मंदिर में प्रवेश करने दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में भी पुलिस लगा रखी है जो हर आने-जाने वाले पर नजर रख रही है।
आज पड़ेगा मेले की दुकानों पर रश मेले में खिलौनों से लेकर घरों की सजावट तक हर प्रकार की दुकानें वैसे तो दो दिन पहले ही सज गई थीं, लेकिन रश आज से पड़ना शुरु होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालु दुकानों पर खरीददारी करते हैं। लोग दशहरा-दीपावली से पूर्व घरों में सजावट का सामान के साथ अन्य सामान खरीद कर ले जाते हैं। दुकानों पर यह रश तीन दिन तक खूब रहेगा। इसके अलावा झूले वालों का भी आज से धंधा चलेगा। मेले में आने वाले लोग अपने बच्चों के साथ झूलों का आनंद लेते हैं। झूलों को भी रंग-बिरंगी रोशनियों के साथ सजाया गया है। आज रात को झूलों पर खासा रश होने की उम्मीद है।















