You are currently viewing लुधियाना में नौसरबाजो ने 5 लाख का लगाया चूना , डॉलर का झांसा दे कर ठग लिए दुकानदार

लुधियाना में नौसरबाजो ने 5 लाख का लगाया चूना , डॉलर का झांसा दे कर ठग लिए दुकानदार

जालंधर (ब्यूरो): शहर में सक्रिय हुए नौसरबाज अब डालर बेचने का झांसा दे लोगों को ठग रहे हैं। पिछले एक महीने के दौरान नौसरबाज 4 लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये उड़ा चुके हैं। इस बार नौसरबाजों ने दुकानदार को 12900 अमेरिकन डालर देने का झांसा देकर उसके 5 लाख रुपये ठग लिए।
नाैसरबाजों ने दुकानदार को जो बैग दिया उसमें ऐसी गड्ढी निकली जिसके दोनों तरफ 20-20 अमेरिकन डालर थे। अब थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। हवलदार कुलदीप सिंह ने बताया कि उक्त केस नूरवाला रोड के पंचशील कालोनी की गली नंबर 2 निवासी रोहित कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है। अपने बयान में उसने बताया कि दरेसी स्थित पुलिस स्टेशन के पास ही उसकी मोबाइल फोन की दुकान है। गत 6 नवंबर को उसकी दुकान पर एक ग्राहक रिचार्ज कराने आया। उसने बताया कि उसके पास अमेरिका के 20-20 डालर के 645 नोट हैं, जिन्हें वो बदलना चाहता है।
12900 डालर इंडियन करंसी के अनुसार 10 लाख रुपये के करीब बनते हैं। मगर वो उसे 5 लाख रुपये में दे देगा। उस व्यक्ति ने 20 डालर का एक नोट चेक करने के लिए रोहित को दे दिया। रोहित ने उसे मार्केट में चेक कराया तो वो असली था। उसके असली होने का पता चलने पर रोहित के मन में लालच आ गया। 9 नवंबर के दिन उसने अपनी दुकान पर 5 लाख रुपये रख लिए और उस व्यक्ति को फोन किया। उसने रोहित को समराला चौक स्थित गुरु अर्जुन देव नगर में बुलाया। आरोपित ने उसे डालर और रोहित ने 5 लाख रुपये वाला बैग दे दिया।
पैसे मिलते ही आरोपित अपने साथी समेत मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। रोहित ने जब बैग खोलकर देखा तो उसमें 20-20 डालर के दो नोट और अखबार की कटिंग पड़ी मिली। कुलदीप सिंह ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है ।