जालंधर (ब्यूरो): महावीर मार्ग जालंधर में स्थित एपीजे स्कूल तथा स्पिक मैके (सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर) के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना कविता द्विवेदी द्वारा नृत्य का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल श्री गिरीश कुमार जी, कोऑर्डिनेटर स्पिक मैके श्रीमती अनुराधा सोंधी एवं एपीजे स्कूल प्री प्राइमरी विभाग से श्रीमती सुषमा खरबंदा जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की ।
कविता द्विवेदी और उनके सहयोगियों श्री रामचंद्र बहरा, श्री सुरेश सेठी और श्री यार मोहम्मद को स्वागत गुलदस्ते भेंट किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने ‘राम स्तुति’ की प्रस्तुति दी । कविता जी ने विद्यार्थियों को शास्त्रीय नृत्य की जानकारी दी। उन्होंने ओडीसी नृत्य की शुरुआत के बारे में विस्तार से बताया कि ओड़ीसी नृत्य मंदिरों से होता हुआ मंच तक पहुंचा है। उन्होंने विद्यार्थियों को ओड़िसी नृत्य की पोशाक तथा आभूषणों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि नृत्य एक आराधना है, जिसमें तन, मन और आत्मा की एकरूपता हो जाती है ।
उन्होंने कहा कि नृत्य हमें प्रसन्नता प्रदान करता है और साथ ही साथ हमें स्वस्थ रखता है। उनके द्वारा आराध्य शिव के लिए प्रस्तुत किए गए नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कृष्ण लीला पर भी सुंदर प्रस्तुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भावों को मुद्राओं में कैसे व्यक्त किया जा सकता है। विद्यार्थी मंत्रमुग्ध होकर उनकी बातों को सुन रहे थे।
मर्दल पर श्री रामचंद्र, सितार पर श्री यार मोहम्मद तथा गायक श्री सुरेश सेठी ने और कविता द्विवेदी जी के नृत्य ने समा बांध दिया था। प्रधानाचार्य श्री गिरीश कुमार जी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि ‘स्पिक मैके’ सोसायटी के माध्यम से युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और संस्कृति से जोड़ने का महत्त्वपूर्ण अवसर मिल रहा है और यह एक बेहतरीन प्रयास है। उनके इस कार्य से भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है। इससे हमारे छात्र भी दूसरी संस्कृतियों, संगीत, नृत्य को सीख सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री गिरीश कुमार जी ने कविता द्विवेदी जी व उनके सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया ।















