जालंधर (ब्यूरो): पंजाब के जालंधर शहर में अराजक तत्वों का खौफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। यह लोग इतने पक्के हो गए हैं कि इनमें अब खाकी का भी कोई खौफ नहीं रह गया है। इसलिए यह सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। एसी वारदात स्काई लार्क चौक और भगवान वाल्मीकि चौक के मध्य घटित हुई। एक एनआरआई की गाड़ी से चोर शीशा तोड़ कर कैश और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए। विदेश से आई एक महिला अपने रिश्तेदारों के साथ खरीददारी करने के लिए जालंधर शहर में आई हुई थी। महिला अपनी कार नंबर पीबी-08ईएच-3714 को स्काई लार्क चौक और भगवान वाल्मीकि चौक के मध्य किनारे पर खड़ी कर एक शोरूम में खरीददारी करने के लिए गई। जब वह वापस आई तो गाड़ी का शीशा टूटा हुआ देख कर उसके होश उड़ गए। गाड़ी में से उसका पर्स गायब था। साथ ही गाड़ी में रखे बीस हजार रुपए भी चोरी हो चुके थे। चोर गाड़ी के कागजात भी साथ ही चोरी कर ले गए।
एनआरआई महिला ने बताया कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी आधे-पौने घंटे बाद मौके पर पहुंची। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए कहा कि पुलिस ने मौके पर कोई कार्रवाई करने की बजाए सिर्फ यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि शिकायत दर्ज करवा देख लेंगे। पीड़िता के साथ उसकी बहन कमलजीत कौर धनोआ ने बताया कि उनकी सिस्टर अनिवासी भारतीय हैं और इन दिनों भारत में आई हुई हैं। वह जंडियाला से यहां शॉपिंग करने के लिए आई थी। उन्होंने कहा कि जालंधर शहर में पुलिस की कमजोरी के कारण ही अराजक तत्व सक्रिय हैं। वह थाने में जाकर इसकी एफआईआर दर्ज करवाएंगी। उन्होंने कहा कि उनकी बहन के पर्स में तीन एटीएम और ग्रीन कार्ड के अलावा कुछ अन्य दस्तावेज भी थे। गाड़ी के कागजात भी चोर निकाल कर ले गए हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर शहर में लूट और चोरियां तो आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि शहर में बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं है। चोर-लुटेरे घरों में घुसकर लूट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों खासकर महिलाओं का तो घरों से निकलना मुश्किल को गया है।















