जालंधर (ब्यूरो): Gujarat चुनाव में AAP की करारी हार का असर पंजाब के सभी क्षेत्रों की विकास नीतियों पर पड़ सकता है। सबसे मुख्य OPS/NPS स्कीम के लागू होने पर संशय बरकरार है, जबकि मान सरकार इसे लागू करने की घोषणा करने समेत एक अल्प नोटिफिकेशन जारी कर चुकी है। लेकिन इसके बाद से अब तक न तो विस्तृत (डिटेल्ड) नोटिफिकेशन जारी की गई है और न ही इस संबंध में कोई आगामी कदम उठाया गया है।
पंजाब के करीब 3 लाख से अधिक कर्मचारी/रिटायर्ड पेंशनर स्कीम को लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा भी प्रदेश की मान सरकार द्वारा कई अन्य नई घोषणाएं भी की गई हैं। लेकिन किस योजना को प्राथमिकता मुताबिक पहले पूरा किया जाएगा, इसपर संशय है।
गुजरात चुनाव में पंजाब के हजारों करोड़ रुपए खर्च: गुजरात चुनाव में पंजाब सरकार के हेलीकॉप्टर समेत अन्य संसाधनों का भरपूर इस्तेमाल किया गया। यहां तक की चुनाव प्रचार में पंजाब का करोड़ों रुपए भी खर्च किया गया। पंजाब कांग्रेस, शिअद और पंजाब भाजपा यह सभी सवाल उठाते हुए AAP की मान सरकार से जवाब मांग रही है। पंजाब कांग्रेस ने कहा है कि AAP ने प्रदेश के खजाने के कई हजार करोड़ रुपए गुजरात चुनाव प्रचार में खर्च कर दिए। इससे पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे पंजाब के लिए मुश्किलें खड़ी होंगी।
92 से अधिक सीट आने का किया दावा: AAP के संयोजक एवं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने गुजरात चुनाव प्रचार के दौरान लिखित में पार्टी जीत की बात कही थी। साथ ही 92 से अधिक सीट के साथ सरकार बनाने का दावा किया था। लेकिन इससे उल्ट AAP केवल 5 सीट ही निकाल सकी है।
AAP ने हार के बाद नेशनल पार्टी बनने पर जताई खुशी: AAP के राजनीतिक सफर को 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं। गुजरात चुनाव में 5 सीट लाने के साथ ही AAP नेशनल पार्टी बन गई है। भले ही गुजरात चुनाव में करारी हार मिली हो लेकिन AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर खुशी व्यक्त की है। गुजरात चुनाव में मिले वोट के अनुसार AAP कानूनन राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।