You are currently viewing MLA अंगुराल का घर घेरेंगे किसान-लतीफपुरा वासी 26 जनवरी को राज्यपाल से न मिलने देने और महिला पर केस से भड़के लोग

MLA अंगुराल का घर घेरेंगे किसान-लतीफपुरा वासी 26 जनवरी को राज्यपाल से न मिलने देने और महिला पर केस से भड़के लोग

जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के जालंधर में लतीफपुरा में घर गिराए जाने के बाद पक्का मोर्चा लगाकर बैठे लोग किसानों के साथ मिलकर आज जालंधर वेस्ट के विधायक शीतल अंगुराल का घर घेरेंगे। किसान संगठन लतीफपुरा वासियों के अपने साथ लेकर विधायक अंगुराल के घर के बाहर धरना लगाएंगे।

किसान और लतीफपुरा निवासी 26 जनवरी को राज्यपाल से न मिलने देने, पुलिस वालों से हुई झड़प और उसके बाद लतीफपुरा की एक महिला पर केस के बाद भड़के हुए हैं। लोगों का कहना है कि एक तो उन्हें घरों से बेघर कर दिया गया है और ऊपर से अब उन पर झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं।

किसान संगठनों और लतीफपुरा वासियों का कहना है कि वह नौ विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों और दफ्तरों को घेरेंगे। कल शुरुआत विधायक शीतल अंगुराल के घर से की जाएगी। सरकार से सीधे लड़ाई लड़ने का मन बनाए बैठे लोगों का कहना है कि वह देखेंगे कि पुलिस कितनी बार उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक पाती है। लोगों का कहना है कि आगे निगम से लोकसभा चुनाव आने वाले हैं। वह सभी क्षेत्रों में जाकर सरकार के खिलाफ प्रचार करेंगे।

दो महीने से धरना, लेकिन सरकार की अभी तक सोई है

पक्का मोर्चा लगाकर बैठे लोगों का कहना है कि घर तोड़ दिए जाने के बाद वह दो महीने से सर्द रातें बच्चों के साथ टेंटों में गुजार रहे हैं। लगातार धरना प्रदर्शन भी कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की सरकार को अभी तक उनकी आवाज सुनाई नहीं दी है। सरकार अभी तक नींद से नहीं जागी है। लोगों का कहना है कि विधायकों के घरों के बाहर धरना लगाकर सरकार को जगाएंगे।